श्रीगंगानगर (टीएसएन) । राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस को एक शव मिला है। शव करीबन 25 साल की युवती का है जिसकी हत्या करने के उपरांत गर्दन को काट दिया गया। साक्ष्य को खुर्द-बुर्द करने के लिए बॉडी को नहर में फेंक दिया गया। अब पुलिस फेस के साथ-साथ आरोपितों की भी तलाश कर रही है।
पदमपुर थानाधिकारी रामकेश मीणा से प्राप्त जानकारी के अनुसार करीबन 25 साल की युवती का शव मिला है। उसके पैरों को एक प्लास्टिक बैग से बांधा गया था। पहचान नहीं हो, इस कारण गर्दन को धड़ से अलग कर दिया गया था। गर्दन पुलिस को नहीं मिल पायी है। शरीर पर कोई अन्य निशान भी नहीं है, जिससे उसकी पहचान हो सके।
एसएचओ ने बताया कि जो प्लास्टिक बैग मिला है, वह पंजाब के अबोहर क्षेत्र का हो सकता है क्योंकि वहां की एक कंपनी का लोगो मिला है। वहीं शव लगभग 72 घंटे पुराना है। शव को पंजाब में फेंके जाने और उसके बहकर पदमपुर तक आ जाने की संभावना है। ईईए नहर में शव मिला। गांव 6 ईईए के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी।
ईईए नहर नेतेवाला हैड से निकलती है। पक्की नहर में अगर शव के बहने की गति को 10 किमी प्रति घंटा भी मानी जाये तो अनुमान लगाया जा सकता है कि नहर में शव ने कितने घंटे का सफर किया है। शव की हत्या करने के उपरांत शव को फेंका गया है, इस कारण उसके नहर में नीचे जाने और उसके ऊपर आने की प्रक्रिया भी नहीं हुई होगी।
जीवित व्यक्ति अगर नहर में कूदता है या फेंका जाता है तो उसके शरीर में पहले पानी का भराव होता है और इसके बाद वह ऊपर की ओर आता है। फिर डैडबॉडी नहर में अपना सफर आरंभ करती है। पुलिस को अनेक पहलुओं की जांच करनी है। इसके लिए वह तैयार भी हो गयी है। वहीं थानाधिकारी का कहना है कि पंजाब के उन लोगों की मिसिंग रिपोर्ट प्राप्त की जा रही है जो पिछले सप्ताह लापता हुए हैं।